रतिया, 19 अगस्त:- डीसी डाॅ. विवेक भारती की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सचिवालय के एसडीएम कार्यालय में राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंतकाल, डिजिटल क्रॉप सर्वे, ततीमा कटिंग तथा राजस्व विभाग से संबंधित अन्य लंबित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
डीसी डाॅ. विवेक भारती ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान एग्री-स्टैक आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाई जाए तथा लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके, इसके लिए उनकी एग्री-स्टैक आईडी से संबंधित प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। 

**इंतकाल के लंबित मामलों पर विशेष ध्यान
डीसी ने कहा कि सभी पटवारियों के कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा होनी चाहिए। जिन मामलों में अनावश्यक देरी हो रही है, उन्हें प्राथमिकता से निपटाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा में लंबित कार्य पूरे करवाए जाएं। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पटवारियों के कार्य की व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग करें और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कर्मचारियों के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान करवाएं।

**डिजिटल क्रॉप सर्वे की तैयारियों की समीक्षा
इस दौरान डिजिटल क्रॉप सर्वे की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। डीसी ने निर्देश दिए कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य निर्धारित समय के अनुसार प्रारंभ करवाया जाए तथा सभी संबंधित पटवारियों एवं राजस्व कर्मचारियों को इसके लिए पहले से तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे से संबंधित कार्य में जिला स्तर पर किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी प्रतिदिन कार्य की प्रगति की समीक्षा करें तथा यह सुनिश्चित करें कि जिला स्तर पर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य आगे बढ़ रहा है।

**अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
डीसी डाॅ. विवेक भारती ने कहा कि एग्री-स्टैक आईडी, इंतकाल, डिजिटल क्रॉप सर्वे तथा अन्य राजस्व कार्यों की नियमित आधार पर मॉनिटरिंग की जाए। संबंधित अधिकारी लंबित मामलों की सूची तैयार रखें और प्रत्येक मामले की स्थिति की नियमित समीक्षा करें। इस दौरान एसडीएम सुरेन्द्र सिंह सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।