हरोली/ऊना, 5 अक्तूबर (राजवीर चोपड़ा):- दशमेश पब्लिक स्कूल गुरपलाह साहिब, तहसील हरोली, जिला ऊना, हिमाचल प्रदेश के कक्षा 7वीं से 10वीं तक के कुल 56 विद्यार्थियों ने दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण में भाग लिया। विद्यार्थियों के साथ विद्यालय की प्रधानाचार्या दलविंदर कौर तथा संबंधित कक्षाओं के इंचार्ज शिक्षक भी भ्रमण पर उपस्थित रहे।

इस दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने करतारपुर साहिब स्थित वार मेमोरियल, श्री हरमंदिर साहिब, जलियांवाला बाग तथा वाघा बॉर्डर का भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने इन ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा उनके ऐतिहासिक, धार्मिक और राष्ट्रीय महत्व को समझा।

वार मेमोरियल, करतारपुर साहिब के भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को देश की रक्षा में अपना योगदान देने वाले वीर जवानों के बलिदान और शौर्य के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। वहीं श्री हरमंदिर साहिब में विद्यार्थियों ने आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया और श्रद्धा के साथ माथा टेका।

जलियांवाला बाग में विद्यार्थियों ने देश के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े इतिहास को करीब से जाना। वाघा बॉर्डर पर विद्यार्थियों ने बीटिंग रिट्रीट समारोह देखा और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत वातावरण का अनुभव किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या दलविंदर कौर ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कक्षा-कक्ष में प्राप्त शिक्षा के साथ-साथ ऐतिहासिक, धार्मिक और राष्ट्रीय महत्व के स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान को और अधिक समृद्ध करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन, जिम्मेदारी और ऐतिहासिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।

दो दिवसीय भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ आपसी सहयोग, अनुशासन और टीम भावना का भी अनुभव किया। विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों की सुरक्षित और ज्ञानवर्धक यात्रा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।