रतिया,14 अप्रैल:- जिले में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद की टीम द्वारा युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक सुनीता के कुशल नेतृत्व में टीम ने रतिया क्षेत्र में पहुंचकर आमजन को साइबर क्राइम और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान आमजन को बताया गया कि आज के डिजिटल युग में छोटी-सी लापरवाही भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है, इसलिए इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने युवाओं को फर्जी कॉल, ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी और सोशल मीडिया हैकिंग जैसे साइबर अपराधों के बारे में जागरूक किया। इसके साथ ही उन्हें “डिजिटल अरेस्टिंग” जैसी नई ठगी के तरीकों के बारे में भी विस्तार से बताया गया, जिसमें अपराधी खुद को पुलिस या किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को डराकर पैसे ऐंठने का प्रयास करते हैं।
महिला सहायक उपनिरीक्षक सुनीता ने युवाओं को समझाया कि किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल या ओटीपी साझा न करें। उन्होंने यह भी बताया कि यदि कोई संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन गतिविधि सामने आए तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन पर संपर्क करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका टीम द्वारा संतोषजनक जवाब दिया गया।
फतेहाबाद साइबर पुलिस द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन विशेषकर युवा वर्ग को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखा जा सके और उन्हें डिजिटल दुनिया में सुरक्षित व्यवहार के लिए प्रेरित किया जा सके।
साइबर जागरूकता अभियान गाँव दादुपूर रतिया में आमजन को साइबर क्राइम व सुरक्षित सोशल मीडिया उपयोग की दी जानकारी
