रतिया, 5 अक्तूबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- फसल पंजीकरण सत्यापन (Verification) के नाम पर काटे गए पंजीकरण को लेकर भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्राहाँ) के बैनर तले किसानों ने एसडीएम कार्यालय रतिया पहुंचकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। किसान नेताओं ने बताया कि इस संबंध में पिछले शुक्रवार को ही प्रशासन को शिकायत सौंप दी गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
वार्ता के दौरान एसडीएम रतिया ने किसानों को आश्वासन दिया कि अगले तीन दिनों में सभी समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा।
प्रेस को जारी बयान में जिला प्रधान निर्भय सिंह रतिया ने कहा कि आने वाले दिनों में फसल पूरी तरह पककर तैयार है और किसान उसे बेचने के लिए मंडियों में लाएंगे। परंतु वेरिफिकेशन के नाम पर पंजीकरण रद्द होने के कारण किसान अपनी फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) यानी सरकारी भाव पर नहीं बेच पाएंगे। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान और मंडी में दर-दर भटकने की संकटपूर्ण स्थिति का सामना करना पड़ेगा।
प्रशासन को अंतिम अल्टीमेटम देते हुए निर्भय सिंह रतिया ने चेतावनी दी, “अगर समय रहते समस्या का निस्तारण नहीं हुआ, तो 9 अक्तूबर को सैकड़ों की संख्या में किसान रतिया एसडीएम कार्यालय पहुंचेंगे और उग्र धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। किसानों के हक की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी और किसी भी सूरत में उनका नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।”
मौजूद किसानों में शहरी इकाई प्रधान कर्माजीत सिंह, सचिव गगन भुल्लर, कैशियर अशोक कंबोज, गमदुर सिंह, काला सिंह, मुंदरी सिंह आदि शामिल थे।
