हरोली/ऊना, 13 जून (राजवीर चोपड़ा):- टाहलीवाल तथा आसपास के क्षेत्रों में बढ़ रही चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर नगर पंचायत टाहलीवाल के पार्षदों ने प्रशासन से कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग उठाई है। पार्षदों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए तथा बंद की गई ट्रैफिक विंग को दोबारा शुरू किया जाए, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
नगर पंचायत टाहलीवाल के वार्ड नंबर 1 से पार्षद संजीव कुमार, वार्ड नंबर 2 से निरंजना कुमारी, वार्ड नंबर 3 से डिम्पल, वार्ड नंबर 4 से राजकुमार मल्ली, वार्ड नंबर 5 से नीलम देवी, वार्ड नंबर 6 से अजय सहगल तथा वार्ड नंबर 7 से अनु देवी ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि टाहलीवाल क्षेत्र का सबसे बड़ा बाजार होने के साथ-साथ एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र भी है। ऐसे में यहां असामाजिक तत्वों की नजर अक्सर लोगों के घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर बनी रहती है।
पार्षदों ने कहा कि यदि रात्रि के समय नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए तो असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बनेगा और चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में पहले कार्यरत ट्रैफिक विंग को बंद किए जाने के बाद पुलिस की मौजूदगी कम हुई है, जिसका लाभ अपराधी तत्व उठा रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि रात्रि गश्त के साथ-साथ ट्रैफिक विंग को भी पुनः सक्रिय किया जाए, ताकि पुलिस बल की क्षेत्र में नियमित आवाजाही बनी रहे और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।
पार्षदों ने कहा कि जल्द ही इस मुद्दे को लेकर पुलिस अधीक्षक ऊना से मुलाकात की जाएगी। उनका कहना है कि इतना बड़ा बाजार और औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद स्थानीय निवासी, दुकानदार और उद्योगपति सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि टाहलीवाल सहित आसपास के क्षेत्रों में रात्रि गश्त को तत्काल प्रभाव से पुनः शुरू किया जाए तथा बंद की गई ट्रैफिक विंग को भी जल्द बहाल किया जाए, ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
टाहलीवाल में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर पार्षदों की चिंता रात्रि गश्त और ट्रैफिक विंग बहाल करने की मांग
