संतोषगढ़/ऊना, 4 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को संतोषगढ़ में सहकारी चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न सहकारी सभाओं के सचिवों, किसानों तथा स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम में कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की सहायक महाप्रबंधक रमन रानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ नगर परिषद संतोषगढ़ की पार्षद चरणजीत कौर, आयुष शर्मा, किरण बैस, बैंक प्रबंधक कुलदीप सिंह माहल, विकास शर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सहकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने किसानों तथा स्वयं सहायता समूहों से सहकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
चौपाल के दौरान सहकारिता मंत्रालय के मार्गदर्शन में संचालित राष्ट्रीय सहकारी संस्थाओं की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता, स्वरोजगार, ऋण सुविधाओं तथा अन्य सरकारी लाभकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने योजनाओं से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। उपस्थित लोगों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
सहकारिता सप्ताह के तहत संतोषगढ़ में सहकारी चौपाल आयोजित किसानों और स्वयं सहायता समूहों को योजनाओं की दी जानकारी
