हांसी:- विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत हांसी विधानसभा क्षेत्र में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से बुधवार को एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीयन अधिकारी राजेश खोथ ने सुपरवाइजरों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार 10 जुलाई तक सभी गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि अभियान समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बैठक में एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि अधिकांश बूथ लेवल अधिकारी पूरी निष्ठा और मेहनत से गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सुपरवाइजरों से कहा कि वे भी अपने अधीन कार्यरत बीएलओ का लगातार मार्गदर्शन करें, उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करवाएं तथा प्रत्येक बूथ की दैनिक प्रगति पर नजर रखें, ताकि किसी भी स्तर पर कार्य प्रभावित न हो।
उन्होंने बताया कि समीक्षा के दौरान मतदान केंद्र संख्या 182, 61, 95, 118, 88 तथा 49 पर गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की गति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई है। संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तत्काल कार्य में तेजी लाते हुए लंबित प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। सुपरवाइजरों को भी इन मतदान केंद्रों की विशेष मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम ने निर्देश दिए कि आज बुधवार शाम तक सभी बूथ लेवल अधिकारी एवं सुपरवाइजर गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कम से कम 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।
राजेश खोथ ने यह भी घोषणा की कि हांसी विधानसभा क्षेत्र के सभी इच्छुक सुपरवाइजरों को आवश्यकता अनुसार एक-एक हेल्पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि डिजिटाइजेशन कार्य को और अधिक गति मिल सके तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्य पूरे किए जा सकें।
उन्होंने सभी बूथ लेवल अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों से आह्वान किया कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य के साथ सभी अधिकारी पूर्ण समर्पण एवं जिम्मेदारी का परिचय दें।
10 जुलाई तक गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य करें पूर्ण एसडीएम राजेश खोथ
