मैहतपुर/ऊना,  7 फरवरी (रोहित भाटिया):- जिला ऊना के पुलिस थाना गगरेट के अंतर्गत गांव भद्रकाली में शादी समारोह के दौरान दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी की शाम कुलदीप सिंह के बेटे की शादी की पार्टी चल रही थी। इसी दौरान पड़ोसी हरमेश सिंह के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि बाद में हरमेश सिंह और उनकी पत्नी ने गाली-गलौच और मारपीट की। रात करीब 10:50 बजे हरमेश सिंह का बेटा बादल और सतिन्दर डंडे और पत्थर लेकर कुलदीप सिंह के घर पहुंचे और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। इस घटना में कुछ रिश्तेदारों को चोटें आईं। 
पुलिस ने इस मामले में बादल और सतिन्दर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। दूसरी ओर, सीमा देवी ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि शादी समारोह के दौरान उनकी सास पुष्पा देवी के साथ झगड़ा हुआ। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया गया। 
आरोप है कि रात करीब 9:30 बजे कुलदीप सिंह के रिश्तेदार सौरभ और बेटा अभिषेक उनके घर के आंगन में आए और डंडों तथा ईंट-पत्थरों से गमले और अन्य सामान तोड़ दिए। हालांकि इस घटना में किसी को चोट नहीं लगी, लेकिन घर के सामान को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने इस शिकायत पर भी सौरभ और अभिषेक के खिलाफ BNS की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि दोनों मामलों की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।