करनाल, 15 सितंबर:- जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में चोरी, सेंधमारी तथा अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए असंध की टीम ने दुकान का शटर तोड़कर करीब 6 लाख रुपये की नकदी चोरी करने की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से करीब 21 हजार रुपये की नकदी तथा चोरी के रुपयों से खरीदी गई एक गाड़ी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेन्द्र पुत्र नरेश निवासी बेरीखेड़ा, थाना पिल्लूखेड़ा, जिला जींद तथा हरीकेश उर्फ केसू पुत्र संजय निवासी कबूलपुर, थाना शिवाजी कॉलोनी, जिला रोहतक के रूप में हुई है।
इस संबंध में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डीएसपी असंध श्री गोरखपाल ने बताया कि थाना निसिंग में खड्ग सिंह पुत्र मोहन लाल निवासी निसिंग की शिकायत पर दिनांक 08 सितंबर 2026 को चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसकी ओरिएंटल बैंक के पास कपूर जनरल स्टोर के नाम से कपड़े की दुकान है। दिनांक 07 अगस्त 2026 की रात को वह दुकान बंद करके घर चला गया था। अगले दिन सुबह दुकान पर पहुंचने पर शटर/रोलर टूटा हुआ मिला। दुकान की जांच करने पर गल्ले में रखी करीब 6 लाख रुपये की नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए असंध की टीम द्वारा आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान सीआईए असंध प्रभारी उप निरीक्षक सलिंदर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने उपलब्ध विश्वसनीय साक्ष्यों एवं तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हाईवे 152-डी, असंध-जींद रोड, रकबा गांव बाहरी, थाना असंध क्षेत्र के पास से काबू किया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से करीब 21 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई। इसके अतिरिक्त, आरोपियों द्वारा चोरी किए गए रुपयों से खरीदी गई एक गाड़ी भी बरामद की गई है। डीएसपी असंध ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामदगी के संबंध में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
