करनाल, 10 अक्तूबर:- करनाल जिला पुलिस ने पुलिस अधीक्षक करनाल, आईपीएस श्री करन गोयल के मार्गदर्शन और दिशा-निर्देशों के तहत छीना-झपटी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई करते हुए सीआईए-3 की टीम के माध्यम से चाकू की नोक पर छीना-झपटी करने के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि उन्होंने 6 अक्तूबर 2026 को बांसों गेट क्षेत्र में एक युवक की गर्दन और पेट पर चाकू रखकर सोने की दो बालियां छीन ली थीं। उन्होंने पुलिस में शिकायत देने पर युवक को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
सीआईए-3 प्रभारी निरीक्षक अजेय सागवान के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक कुलदीप सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान बांसों गेट, करनाल निवासी रोहित उर्फ पठा; बेकरी वाली गली, बांसों गेट, करनाल निवासी विकास उर्फ छोटा शेरा; इंद्रा कॉलोनी, शिवपुरी रोड, करनाल निवासी सावन; तथा मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी और वर्तमान में बांसों गेट, करनाल में रह रहे अंश सागर उर्फ अंशु के रूप में हुई है।
जांच अधिकारी ने बताया कि मामले के अनुसार, बांसों गेट, करनाल निवासी शिकायतकर्ता ने थाना शहर करनाल में शिकायत दी थी। उसने बताया कि 6 अक्तूबर 2026 की रात वह अपने घर से कर्ण बेकरी पर केक लेने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से पैदल आए तीन-चार युवकों ने उसे घेर लिया। उन्होंने चाकू की नोक पर उसकी सोने की दो बालियां छीन लीं और मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने पुलिस को शिकायत देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर थाना शहर करनाल में आर्म्स एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रोहित उर्फ पठा के खिलाफ पहले से 10 मुकदमे, विकास उर्फ छोटा शेरा के खिलाफ छह मुकदमे तथा सावन और अंश सागर उर्फ अंशु के खिलाफ चार-चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम ने नियमानुसार चारों आरोपियों को बांसों गेट से गिरफ्तार किया और उनसे घटनास्थल की निशानदेही करवाई। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से चार दिन का पुलिस रिमांड मंजूर हुआ। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।
करनाल जिला पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
