करनाल, 22  जुलाई:- महाराणा प्रताप हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. सुरेश मल्होत्रा ने बताया कि संस्थान के दो विद्यार्थियों को युवा संवाद एवं वृक्षारोपण समारोह में मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा सम्मान सुमन अवार्ड देकर सम्मानित किया, जो एमएचयू के लिए बड़े गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि संस्थान के विद्यार्थी लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे है।
उन्होंने कहा कि 20 से 23 जुलाई  तक पर्यावरण जागरूकता प्रशिक्षण शिविर युवा संवाद एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, कार्यक्रम में एमएचयू के दो विद्यार्थियों दीपिका ओर श्रितेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिसके चलते उन्हें सीएम द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया। दोनों ही विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री नायब सैनी से संवाद का अवसर भी मिला। 
यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार की एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, नागरिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण तथा सुशासन में सार्थक सहभागिता को बढ़ावा देना है। 
कुलपति प्रो. सुरेश मल्होत्रा ने कहा कि राज्य स्तर पर प्राप्त यह सम्मान विश्वविद्यालय की नेतृत्व विकास, नवाचार तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने छात्र कल्याण निदेशक प्रो. रंजन गुप्ता की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा विश्वविद्यालय की युवा कल्याण समिति का गठन के परिणामस्वरूप एमएचयू के विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया।