बठिंडा, 4 जून: भारत सरकार द्वारा करवाई जा रही जनगणना के पहले चरण में मकानों की सूची बनाने के काम में संगत, कोटफट्टा, मलूका, मौड़, लेहरा मोहब्बत और भाई रूपा ने 100 प्रतिशत घरों की सूची बनाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है।
इस संबंधी जानकारी देते हुए प्रिंसिपल जनगणना अधिकारी-सह-उपायुक्त श्री राजेश धीमान ने बताया कि इन क्षेत्रों के गणक बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत के सदके यह काम पूरा कर दिया है। उपायुक्त द्वारा इन क्षेत्रों का सम्मान भी किया जाएगा। अधिक जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पूरे हो चुके क्षेत्रों में 498 मकान सूचीकरण ब्लॉक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिला बठिंडा में कुल 1882 गणकों को 1929 ब्लॉक बांटे गए हैं और हर एक ब्लॉक में 200 के आसपास घर शामिल हैं।
उन्होंने बाकी की नगर परिषदों और नगर पंचायतों को निर्देश दिए कि वे भी अपना काम समय पर पूरा करें। उपायुक्त ने बताया कि जनगणना का पहला चरण 13 जून तक पूरा हो जाएगा और भारत सरकार द्वारा प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार अगला काम किया जाएगा।
उन्होंने गणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना के दिशा-निर्देशों और प्रक्रियाओं की सख्ती से पालना करते हुए इस संबंधी डेटा सही, त्रुटिहीन और सटीक भरने के लिए कहा। निवासियों से भी अपील की कि वे जनगणना टीमों के साथ पूरा सहयोग करें और सही जानकारी प्रदान करें।
बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त मैडम कंचन, उप अर्थ और सांख्यिकी सलाहकार मैडम चरणजीत कौर और अन्य लोग भी उपस्थित थे।