हांसी:–डीसी राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में आयोजित जनगणना सर्वे शिविर में एसडीएम एवं जनगणना के जिला नोडल अधिकारी राजेश खोथ ने कहा कि जिला में जनगणना से जनकल्याण की थीम पर पहली बार पूर्णतः डिजिटल प्रणाली से जनगणना-2027 का कार्य किया जाएगा। यह केवल आंकड़ों का संकलन नहीं बल्कि आगामी दशक की विकास नीतियों, कल्याणकारी योजनाओं और आधारभूत संरचना की रूपरेखा तय करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
एसडीएम राजेश खोथ वीरवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में जनगणना को लेकर नियुक्त किए गए अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जनगणना विभाग के हरियाणा के उपनिदेशक प्रमोद कुमार मास्टर ट्रेनर रमा तथा जनगणना जिला समन्वयक अरुण कुमार नेगी भी उपस्थित रहे। 
एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि जनगणना कार्य के लिए जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उसे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निभाना सुनिश्चित करें। एसडीएम ने कहा कि जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरणः मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 1 मई से 30 मई 2026 तक होगा। दूसरा चरणः जनसंख्या गणना 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक होगी।
एसडीएम ने कहा कि इस बार नागरिकों को 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक सेल्फ-एन्यूमरेशन (स्व-गणना) का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जानकारी सबमिट करने पर उन्हें एसएमएस व ई-मेल के जरिए एक विशिष्ट सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी प्राप्त होगी। गणनाकर्मी मौके पर पहुंचकर केवल जानकारी का सत्यापन करेंगे, जिससे समय की बचत और आंकड़ों की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित होगा।
एसडीएम ने बताया कि इस बार गणनाकर्मी विशेष हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग करेंगे, जिसे उनके पंजीकृत निजी मोबाइल उपकरणों पर इंस्टॉल किया जाएगा। यह एप ऑफलाइन मोड में भी कार्य करेगा, जिससे नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में भी कार्य बाधित नहीं होगा। नेटवर्क उपलब्ध होते ही डाटा स्वतः सिंक्रोनाइज हो जाएगा। एप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेगा। रियल-टाइम मॉनिटरिंग, तकनीक आधारित डैशबोर्ड और सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक स्तर पर प्रगति की सतत निगरानी की जाएगी।
इस अवसर पर तहसीलदार डॉ अनिल कुमार विढान, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सहित जनगणना से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।