करनाल, 17 अगस्त:- कुंजपुरा थाना क्षेत्र के मुगल माजरा गांव में एक महिला ने परिचित व्यक्ति पर जबरन कार में बैठाकर ले जाने, गलत काम करने की कोशिश करने, सोने की बालियां निकालने और पति व देवर समेत परिवार को जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
**बैंक जाते समय कार में खींचने का आरोप
करनाल निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दो दिन पहले सुबह करीब साढ़े 11 बजे अपनी बेटी की किस्त जमा कराने के लिए मुगल माजरा स्थित बैंक जा रही थी। इसी दौरान एक कार उसके पास आकर रुकी। महिला के मुताबिक, कार से रमेश नामक व्यक्ति उतरा और उसे पकड़कर जबरन कार में बैठा लिया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके शोर मचाने के बाद आरोपी उसे श्मशान घाट से आगे छोड़कर चले गए। इस दौरान उसकी दोनों सोने की बालियां भी निकाल ली गईं। महिला का आरोप है कि उसे, उसके पति और देवर को जान से मरवाने की धमकी भी दी गई।
**आरोपी को पहले से जानती थी महिला
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला आरोपी को पहले से जानती थी। शिकायत के बाद पुलिस ने उससे मौखिक पूछताछ की। रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने परिवार से बातचीत के बाद कार्रवाई कराने की बात कही थी और करीब दो दिन तक पुलिस कार्रवाई नहीं करवाई।
बाद में पुलिस ने महिला को जांच में शामिल कर उसकी शिकायत पर दोबारा पूछताछ की। महिला ने अपने पहले लगाए गए आरोपों पर कायम रहते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की।
**इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, शिकायत और पूछताछ के आधार पर महिला को जबरन कार में ले जाने, गलत काम की कोशिश करने और परिवार को धमकी देने के आरोप प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 64(1), 62 और 351(2) के तहत अपराध पाए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की भूमिका समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
