मैहतपुर/ऊना, 6 जून (राजवीर चोपड़ा):- जिला ऊना के प्रवेश द्वार मैहतपुर के समीप पंजाब सीमा में शुक्रवार को श्रद्धालुओं से भरी एक बस सरियों से लदे ट्रक की चपेट में आ गई।
हादसे में बस में सवार छह श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित रहे। घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार बस में राजस्थान के जयपुर क्षेत्र से आए करीब 50 श्रद्धालु सवार थे। श्रद्धालु माता वैष्णो देवी, मां चिंतपूर्णी और ज्वालाजी के दर्शन करने के बाद वापस राजस्थान लौट रहे थे। इसी दौरान मैहतपुर के निकट पंजाब सीमा में सरियों से लदे एक ट्रक का बाहर निकला सरिया बस की खिड़कियों को चीरता हुआ निकल गया। इससे बस को नुकसान पहुंचा और उसमें सवार कुछ श्रद्धालु घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बस चालक जगदीश प्रसाद निवासी जयपुर ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नया नंगल पुलिस चौकी के एएसआई यादविंदर सिंह ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मैहतपुर के पास श्रद्धालुओं से भरी बस सरिया से भरे ट्रक की चपेट में छह यात्री घायल। पंजाब सीमा पर हुआ हादसा चालक फरार पुलिस जांच में जुटी।
