हरोली/ऊना, 13 जून (राजवीर चोपड़ा):- औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल के नंगल कलां स्थित वार्ड नंबर 3 में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार चोर कमरे की ग्रिल उखाड़कर मकान के अंदर दाखिल हुए और दो कमरों में घुसकर सामान की तलाशी ली। एक कमरे में रखी पेटी का कुंडा तोड़कर उसमें रखा सामान बिखेर दिया तथा सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 सोने की चेन, 2 सोने की नथ, 4 सोने की अंगूठी, 1 पायल, 20 चांदी के सिक्के, 8 चांदी के कंगन लेकर फरार हो गए। 
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के सदस्य साथ वाले कमरे में सो रहे थे। सुबह उठने पर कमरों में सामान बिखरा हुआ देखकर उन्हें चोरी का पता चला।  इसके बाद सुबह करीब 6 बजे पुलिस थाना टाहलीवाल में घटना की सूचना दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वारदात निर्मल सिंह के घर में हुई। सूचना मिलते ही टाहलीवाल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। 
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। 
थाना टाहलीवाल से हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज व अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।