करनाल,10 अक्तूबर: विगत शाम जिला पुलिस की एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट सीआईए-1 टीम इंचार्ज निरीक्षक इंद्र सिंह के नेतृत्व में, टीम के सदस्य उप निरीक्षक यशपाल सिंह, राकेश कुमार, सुरेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार, देवेंद्र कुमार, कृष्ण कुमार, राजेश कुमार, मुख्य सिपाही सुखमहेंद्र सिंह एवं सिपाही संदीप कुमार द्वारा विश्वसनीय सूचना के आधार पर गश्त व पड़ताल करते हुए बजीदा रोड, नई अनाज मंडी करनाल में नाकाबंदी कर आरोपी प्रदीप कुमार पुत्र सतपाल निवासी गांव मुबारकबाद, थाना मधुबन, जिला करनाल को चोरी की 19 मोटरसाइकिलों सहित काबू किया गया। 
इस संबंध में एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट सीआईए-1 के इंचार्ज निरीक्षक इंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ दिनांक 30 सितंबर 2025 को थाना सिविल लाइन करनाल में एक मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। जांच इकाई द्वारा आरोपी को थाना सिविल लाइन क्षेत्र से एक चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया। 
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बरामद मोटरसाइकिल के अलावा अन्य 18 मोटरसाइकिलें भी सेक्टर 12, कल्पना चावला हॉस्पिटल, थाना सिविल लाइन करनाल क्षेत्र तथा जिला पानीपत से चोरी करने की बात कबूल की। कुल मिलाकर आरोपी से 19 मोटरसाइकिलें बरामद की जा चुकी हैं। इस मामले में आज आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।