हरोली/ऊना, 31 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- हरोली क्षेत्र के ग्राम बीटन में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा ‘पीएनजी ड्राइव 2.0’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को इसके फायदों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन बीपीसीएल के टेरिटरी मैनेजर मयूर चौबटिया के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर एसडीएम हरोली विशाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के नियंत्रक राजीव शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान बीपीसीएल की ओर से वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से ग्रामीणों को पीएनजी के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि पीएनजी एक सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल ईंधन है, जो पारंपरिक ईंधनों के मुकाबले अधिक सुविधाजनक है।
इस मौके पर आसपास के गांवों—सिंगा, टाहलीवाल, बीटन और बाथू—के पंचायत प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। एसडीएम विशाल शर्मा ने स्थानीय भाषा में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पीएनजी को भविष्य की स्वच्छ ऊर्जा बताते हुए इसे अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण होगा, बल्कि ईंधन से जुड़ी समस्याओं से भी राहत मिलेगी।
बीपीसीएल द्वारा कार्यक्रम स्थल पर पंजीकरण शिविर भी लगाया गया, जहां लोगों को पीएनजी कनेक्शन लेने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया और कई लोगों ने मौके पर ही पंजीकरण में रुचि दिखाई।
डीएफएससी राजीव शर्मा ने एलपीजी से जुड़ी समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पीएनजी एक स्थायी और सुविधाजनक विकल्प है, जिससे गैस संकट से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों में पीएनजी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने इसे अपनाने की इच्छा जताई।