करनाल, 5 जनवरी:- हरियाणा के यमुनानगर जिले से एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ दो परिवारों बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। करनाल निवासी महिला का शव ससुराल के बाथरूम में फंदे से लटका मिला, लेकिन मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है।
रविवार को गुलाब नगर स्थित डॉ. अरुण गोयल के आवास पर वंशिका का शव बाथरूम में फंदे से लटका मिला। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया, जबकि सूचना मिलने पर करनाल से पहुंचे मायके वालों ने गला घोंटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। इसके बाद देर रात पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
सोमवार को जगाधरी सिविल अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमॉर्टम किया गया। मौके पर भारी संख्या में परिजन मौजूद रहे और किसी भी तनाव की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार कर दिया।
**नाम बदलने और पहचान मिटाने का आरोप
मृतका के पिता अशोक जैन ने बताया कि उनकी बेटी का मूल नाम रितु जैन था। वर्ष 2006 में उसका विवाह डॉ. अरुण गोयल के बेटे करण गोयल से किया गया। विवाह के बाद ससुराल वालों ने उसका नाम बदलकर वंशिका गोयल रख दिया, जिससे उसकी जैन पहचान खत्म हो गई। अशोक जैन का कहना है कि शादी के बाद से ही उन्हें महसूस हो गया था कि उनकी बेटी गलत जगह ब्याही गई है।
**लंबे समय से उत्पीड़न का आरोप
परिजनों के अनुसार वंशिका को पिछले कई वर्षों से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। वह लंबे समय तक चुपचाप सब सहती रही। करीब तीन साल पहले उसने मायके में अपनी पीड़ा साझा की थी। तीन दिन पहले हुई आखिरी बातचीत में भी उसने ससुराल में लगातार परेशान किए जाने की बात कही थी।
**हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप
रविवार दोपहर करीब एक बजे वंशिका के पति करण गोयल ने फोन कर मायके पक्ष को आत्महत्या की सूचना दी। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने वंशिका के गले पर असामान्य निशान देखे। अशोक जैन ने आरोप लगाया कि पहले गला घोंटकर हत्या की गई और फिर शव को फंदे पर लटका दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
