करनाल, 1मार्च:- करनाल के सेक्टर-9 क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दादी और पोती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मारकर बाइक को कुचल दिया और चालक वाहन सहित फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बड़ा गांव निवासी 55 वर्षीय फूलवती उर्फ फूलो देवी, उनकी 15 वर्षीय पोती दीपिका और 35 वर्षीय बेटा राजबीर बाइक पर सवार होकर करनाल आ रहे थे। वे शिव कॉलोनी में अपने एक रिश्तेदार के निधन पर शोक जताने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सेक्टर-9 में अशोका नर्सरी के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक असंतुलित हो गई। 
हादसे में दादी और पोती उछलकर सीधे डंपर के नीचे आ गईं और वाहन उन्हें रौंदता हुआ आगे निकल गया। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाइक चला रहा राजबीर दूसरी ओर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतका दीपिका 10वीं कक्षा की छात्रा थी और इन दिनों बोर्ड परीक्षाएं दे रही थी। वह अब तक दो पेपर दे चुकी थी। 
परिजनों ने बताया कि वह पढ़ाई में होनहार थी और भविष्य में कुछ बड़ा करने का सपना देख रही थी। उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। मृतका के दामाद सुरेंद्र कुमार ने बताया कि राजबीर अपनी मां और बेटी को लेकर शोक जताने जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया। राजबीर का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इसी दौरान हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण का काफिला भी उसी मार्ग से गुजर रहा था। सड़क पर भीड़ और हादसे की स्थिति देखकर उन्होंने तुरंत काफिला रुकवाया और मौके पर उतरकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने एसपी करनाल से फोन पर बात कर मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और लोगों से अपील की कि सड़क हादसों में घायलों की तुरंत मदद करें।
जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी हाउस में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी है ।