नवांशहर (देस राज बाली):- भगवान वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस को समर्पित रक्तदान शिविर स्थानीय बी.डी.सी. ब्लड सेंटर में आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन श्रीमती संगीता गिल, नगर पार्षद ने अपने कर-कमलों से किया। इस अवसर पर उनके साथ विक्की गिल, प्रेरक गौरव, 26वीं बार रक्तदान करने वाले लखवीर सिंह राहों, अजय चेची, जी.एस. तूर, जे.एस. गिद्दा और मैनेजर मनमीत सिंह उपस्थित थे।

शिविर का आयोजन भगवान वाल्मीकि नौजवान सभा, सलोह द्वारा बी.डी.सी. के तकनीकी सहयोग से किया गया। डॉ. अजय बग्गा के नेतृत्व में बी.डी.सी. की तकनीकी टीम ने रक्तदाताओं से रक्त एकत्र किया। शिविर में कुल 50 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

इस अवसर पर जी.एस. तूर, जे.एस. गिद्दा और डॉ. अजय बग्गा ने भगवान वाल्मीकि जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने विश्व को ज्ञान बांटने की महान और पवित्र सेवा की। इसी कारण उनके हाथ में हमेशा कलम दिखाई जाती है। उन्होंने कहा कि उनकी शिक्षाओं से प्रेरित होकर आज लोग पुण्य के कार्य कर रहे हैं। बी.डी.सी. की ओर से रक्तदान करने वाले इन फरिश्तों को विशेष स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।