हांसी:- हांसी विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को गति देने के उद्देश्य से आगामी 5 जुलाई (रविवार) को क्षेत्र के सभी 205 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) तथा बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) की बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए हए एसडीएम ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत प्रत्येक पात्र मतदाता का विवरण सत्यापित कर सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में बीएलओ और बीएलए की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
एसडीएम ने बताया कि 5 जुलाई को आयोजित होने वाली इस बैठक में मतदान केंद्र स्तर पर मतदाता सूची से संबंधित दावों, आपत्तियों, नए नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा अन्य आवश्यक सुधारों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही बीएलओ और बीएलए आपसी समन्वय स्थापित कर पुनरीक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।
उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स से अपील की कि वे निर्धारित समय पर अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित होकर इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाया जा सके। एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग जरूरी है।
5 जुलाई को हांसी विधानसभा क्षेत्र के सभी 205 मतदान केंद्रों पर बीएलओबीएलए बैठक आयोजित होगी एसडीएम राजेश खोथ
