हांसी:– अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में 1 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक ऑपरेशन ट्रैक डाउन चलाया गया। अभियान के तहत हांसी पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए 70 अभियोगों में 87 आरोपियों को काबू किया।
अभियान के दौरान जघन्य अपराधों के 7 अभियोगों में 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य 63 अभियोगों में 69 आरोपी काबू किए गए। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक अवैध हथियार बरामद किया तथा हत्या प्रयास के मामलों में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने काफी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया। चोरी की वारदातों में गई 3 मोटरसाइकिलें तथा छीना-झपटी के मामले में एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 60,300 रुपये की राशि बरामद की।

17 आरोपियों की खोली गई हिस्ट्रीशीट
अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से अभियान के दौरान 17 आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई। पुलिस द्वारा इनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

427 जघन्य अपराधों में शामिल जमानत पर आए आरोपी किए चेक
ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत जघन्य अपराधों में शामिल रहे और जमानत पर बाहर आए 427 आरोपियों को चेक किया गया। पुलिस टीमों द्वारा इनकी वर्तमान गतिविधियों एवं आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करते हुए आवश्यक निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने कहा कि ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत पुलिस की कार्रवाई केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराधियों के पूरे नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया जा रहा है। आदतन एवं सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी