धूरी, 28 जुलाई:- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घरों के नज़दीक पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने आज गांव धूरा और खेड़ी जट्टां में नए आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में संचालित आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,090 हो गई है, जो पंजाब में जारी ‘स्वास्थ्य क्रांति’ की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुई है।
ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों ने लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाया है। उन्होंने बताया कि अब तक इन क्लीनिकों में 5.90 करोड़ से अधिक ओ.पी.डी. दर्ज की जा चुकी हैं तथा 3.43 करोड़ से अधिक लैब टेस्ट निःशुल्क किए जा चुके हैं। प्रत्येक आम आदमी क्लीनिक में 107 आवश्यक दवाइयां और 47 प्रकार की लैब जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की 'मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना' तथा स्वास्थ्य ढांचे में किए जा रहे बड़े निवेशों के कारण पंजाब के लोगों को किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि ये क्लीनिक आधुनिक आई.टी.-आधारित प्रणाली से लैस हैं, जहां मरीजों को पेपरलेस पंजीकरण, निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयां तथा जांच की सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन क्लीनिकों की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने स्वास्थ्य का नियमित रूप से ध्यान रखें।
इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन रछपाल सिंह भुल्लर, हरजिंदर सिंह कांझला, गगन जवंधा, जसविंदर सिंह, हरप्रीत सिंह, बेअंत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अमरजीत कौर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रविंदरपाल कौर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. जसदीप सिंह तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।