करनाल, 14 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा आगमन को लेकर नगर निगम करनाल ने ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को वार्ड-2, 6, 11 और 16 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर साफ-सफाई एवं पौधारोपण किया। गांव बुढ़ाखेड़ा में कचरा संवेदनशील बिंदु (गारबेज वल्नरेबल प्वाइंट) को समाप्त कर वहां स्वच्छता संदेश के साथ आकर्षक पेंटिंग भी बनाई गई।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन का आंदोलन बनाना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि 18 जुलाई तक प्रतिदिन चार वार्डों में सुबह 8 बजे विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें वार्ड समितियों, आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों की भी भागीदारी सुनिश्चित की गई है।