रतिया, 30 अक्टूबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रतिया में आज सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सिविल जज-सह-न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (CJ-cum-JMIC) कुमारी ज्योति ने छात्राओं को पॉक्सो (POCSO) एक्ट के विभिन्न प्रावधानों एवं धाराओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने अपने वक्तव्य में पॉक्सो एक्ट के उद्देश्य, बच्चों के संरक्षण, उनके अधिकारों तथा किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के बारे में छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने छात्राओं को कानून के प्रति सजग रहने तथा किसी भी अनुचित घटना की स्थिति में उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य गजानन एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने कुमारी ज्योति का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। उनके साथ पहुंचे एडवोकेट दीपक का भी विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था।