करनाल, 6 अप्रैल:- हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज यहां जिला सचिवालय में घरौंडा हलका के सरपंचों के साथ बैठक की। इसमें पांच विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। संबंधित अधिकारियों को भी सरपंचों के साथ बैठक कर इन विषयों पर विस्तृत योजना तैयार करने और टीम के रूप में मिलकर बेहतर ढंग से काम करने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित उपायुक्त उत्तम सिंह ने इस कार्य के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को बतौर नोडल अधिकारी कार्य करने के निर्देश दिए।

 **तालाबों-नालों की सफाई के निर्देश**
 स्पीकर कल्याण ने कहा कि इस समय फसल कटाई का सीजन जारी है, उसके कुछ समय बाद बारिश का मौसम शुरू होगा। गांवों में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अभी से तैयारी करनी होगी। उन्होंने सरपंचों और संबंधित अधिकारियों से तालाबों, नालों आदि की समय पर खुदाई व सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि बारिश में पानी जमा होने से जल जनित बीमारियां भी फैलती हैं। समय पर उचित कदम उठाने से इनसे बचा जा सकता है।

 **सडक़ों के किनारे से उठवाएं गंदगी के ढेर**
 उन्होंने कहा कि हलके के कई गांवों में सफाई व्यवस्था बेहतर है तो कई में सडक़ किनारे कुरडिय़ों के ढेर लगे हैं। पंचायतों को इन्हें उठवाने के लिए उचित कदम उठाने होंगे। यदि कूड़ा-कचरा डालने के लिए जमीन उपलब्ध नहीं है तो इसके लिए विकल्प तलाशना होगा। आसपास गहरे गड्ढे युक्त जमीन तलाश करनी होगी। 
उन्होंने कहा कि पांच-सात गांव कलस्टर के रूप में ऐसी जमीन का उपयोग कर सकते हैं। सफाई व्यवस्था की ओर उचित ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पंचायतें लोगों में सफाई के प्रति भी जागरूकता बढ़ाएं। 
जिन गांवों में कूड़ा उठान के लिए छोटे ट्रैक्टर-ट्राली की सुविधा नहीं है और फंड उपलब्ध है वहां पंचायत इसकी खरीद तुरंत करे। जहां फंड नहीं है तो उन्हें बताएं, वे इसकी व्यवस्था कराएंगे।

 **हर गांव में लाईब्रेरी व महिला चौपाल**
  श्री कल्याण ने कहा कि वे चाहते हैं कि हर गांव में लाईब्रेरी व महिला चौपाल बने। सरपंचों से कहा कि वे ऐसी जगह चिह्नित करें जहां भूतल पर महिला चौपाल और उसके ऊपर लाइब्रेरी बन सके। लाइब्रेरी में कंप्यूटर, वाईफाई आदि की सुविधा हो। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं में तैयारी करने वाले युवाओं को फायदा होगा। सरपंचों ने इस पर सहमति जताई।

 **स्टेडियम/ खेल मैदान के लिए जमीन**
 उन्होंने कहा कि उनके सम्मुख कई गांवों से स्टेडियम/ खेल मैदान की मांग आ रही है। लेकिन सभी जगह पंचायतों के पास पंचायती जमीन उपलब्ध नहीं है। जिन पंचायतों के पास तीन से छह एकड़ तक जमीन उपलब्ध है वहां अधिकारी उसकी मेपिंग करवा कर स्टेडियम या खेल मैदान की योजना तैयार करें। स्टेडियम/ खेल मैदानों का उपयोग आसपास के उन गांवों के खिलाड़ी भी कर सकेंगे जहां जमीन नहीं है।

**विकास के लिए ग्रांट**
 विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार की तरफ से हर गाँव में विकास कार्यों के लिए ग्रांट आ रही है तथा उनकी ओर से भी कई गांवों में ग्रांट पहुंच चुकी है। जिनमें अभी कमी है वहां भी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए आई ग्रांट का सदुपयोग होना चाहिए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। कहीं कोताही मिली तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला परिषद के सीईओ से कहा कि वे उक्त सभी विषयों पर योजनाबद्ध तरीके से काम करें। 
बैठक में उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि बैठक में आए उक्त विषयों को आगे बढ़ाने के लिए सीईओ नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायतें कूड़ा उठान के लिए इलेक्ट्रिक वाहन की खरीद को प्राथमिकता दें। इससे ईंधन के रूप में होने वाले खर्च की बचत होगी। उपायुक्त ने सरपंचों से पुस्तकालयों के संचालन के लिए गांव के ही किसी पात्र व्यक्ति को नियुक्त करने, वहां बिजली के लिए सौर ऊर्जा के उपकरण लगाने और मरम्मत आदि के लिए उचित कदम उठाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में कम जमीन उपलब्ध है वहां बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन के लिए व्यवस्था की जा सकती है।
 बैठक में सरपंचों के अलावा डीडीपीओ कंचनलता, बीडीपीओ सोमवीर खटकड़, मोनिका, गुरमालक, जीएम रोडवेज कुलदीप, सीएमओ पूनम चौधरी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एक्सईएन संजय शर्मा, घरौंडा पालिका सचिव रवि प्रकार, डीईओ रोहतास वर्मा, एचएसएएमबी के एसडीओ सुनील, यूएचबीवीएन के एसई नसीब सिंह, एक्सईएन राजीव ढुल, पंचायती राज के एक्सईएन नारायण दत्त शर्मा आदि मौजूद रहे।