नई दिल्ली: अगले कुछ महीनों में देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं. अभी चुनाव की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन कहा जा रहा है कि इसे लेकर अहम जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि नवंबर के दूसरे हफ्ते से दिसंबर के पहले हफ्ते के बीच पांच राज्यों में चुनाव हो सकते हैं. जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं वो हैं राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम। विधानसभा चुनाव की तारीखों को लेकर दिल्ली में चुनाव आयोग की अहम बैठक हो रही है. इस बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के अलावा दोनों चुनाव आयुक्त भी मौजूद हैं. इसके अलावा सामान्य पर्यवेक्षक, व्यय एवं सुरक्षा पर्यवेक्षक भी होते हैं। अगले हफ्ते चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्थान, मध्य प्रदेश, मिजोरम और तेलंगाना में एक ही चरण में चुनाव हो सकते हैं. पिछली बार भी इन राज्यों में एक ही चरण में मतदान हुआ था. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव होने की संभावना है.