हरोली/ऊना, 6 अगस्त (राजवीर चोपड़ा):- जालंधर के बस स्टैंड स्थित एक ढाबे पर भोजन के बिल को लेकर हुए विवाद के बाद हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के बसदेहड़ा निवासी विकास कुमार के साथ कथित रूप से सार्वजनिक रूप से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। जानकारी के अनुसार, दो व्यक्तियों के भोजन का बिल करीब 180 रुपये होने पर ग्राहक और ढाबा संचालक के बीच कहासुनी हो गई। 
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और सड़क पर ही दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान विकास कुमार के साथ कथित मारपीट की गई, जिससे उन्हें मानसिक एवं शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद विकास कुमार ने पुलिस स्टेशन डिवीजन-6, कमिश्नरेट जालंधर में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
 मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला भाजपा युवा मोर्चा ऊना के अध्यक्ष रजत राणा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग उठाई प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि किसी भी नागरिक के साथ सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करना कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। 
पुलिस अधिकारियों ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो सहित सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की लागू धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित पक्ष ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।