रतिया, 9 सितंबर:- एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर। सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी 17 सितंबर 2026 को रतिया उपमंडल में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को कार्यक्रम से जोड़कर उनमें सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बूथ स्तर पर विभिन्न सरकारी योजनागत लाभार्थियों को शामिल किया जाएगा। संबंधित विभागों से योजनाओं के लाभार्थियों की सूची प्राप्त कर उन्हें चिन्हित किया जाएगा तथा कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक जानकारी दी जाएगी।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर ड्यूटी देंगे। संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी यह सुनिश्चित करेंगे कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को कार्यक्रम में शामिल किया जाए और उन्हें समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।
एसडीएम ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे नागरिक ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाकर अपनी सहभागिता दर्ज करवाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करें तथा लाभार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्र होने पर उनका लाभ उठाएं।
