संतोषगढ़/ऊना, 03 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- आज पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, पेखूबेला के लगभग 100 विद्यार्थियों द्वारा टाहलीवाल स्थित हिम्पा इंडस्ट्रीज का शैक्षिक भ्रमण किया गया। यह भ्रमण नई शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप बैगलेस डे गतिविधि के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक ज्ञान प्रदान करना है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ विद्यालय की बैगलेस डे प्रभारी अध्यापिका श्रीमती सुनीता चौधरी, श्रीमती गीता बिंद्रा, श्री राकेश कुमार शर्मा, तथा श्रीमती ममता उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने प्लांट का भ्रमण कर उद्योग की कार्यप्रणाली को निकट से समझा।
विद्यालय के प्रचार्य श्री राज सिंह ने विद्यार्थियों को इस शैक्षिक यात्रा के उद्देश्य एवं महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसे औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों को उद्योगों की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिलता है तथा उनके व्यावसायिक कौशल एवं आत्मविश्वास का विकास होता है।
हिम्पा इंडस्ट्रीज़ के मुख्य प्रबंधक श्री रोहित वर्मा एवं श्री शिवानी वर्मा ने विद्यार्थियों एवं अध्यापकों का स्वागत किया तथा उद्योग की कार्यप्रणाली के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों को प्लांट के अंदर ले जाकर जूस निर्माण की पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाई गई। साथ ही उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, औद्योगिक सुरक्षा मानकों तथा विभिन्न मशीनों के संचालन के बारे में भी विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।
इस शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को अनेक नई जानकारियाँ प्राप्त हुईं तथा उन्होंने उद्योग में प्रयोग होने वाली आधुनिक तकनीकों के बारे में सीखा। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी सिद्ध हुआ।