हरोली/ऊना, 24 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- पुलिस थाना हरोली के अंतर्गत 15 फरवरी को साहुवाल में हुई स्नैचिंग की वारदात को पुलिस ने सुलझाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 15 फरवरी 2026 को शिकायतकर्ता सोनिया निवासी बीटन अपनी जेठानी के साथ सुबह करीब 11 बजे साहुवाल में बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने पहले उनके कानों की बालियां छीनने का प्रयास किया, जो विफल रहा। इसके बाद उन्होंने दोबारा प्रयास करते हुए शिकायतकर्ता के हाथ से पर्स छीन लिया और मौके से पंजाब की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद महिलाओं ने एक राहगीर की मदद से आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके पश्चात पुलिस थाना हरोली में मामला दर्ज किया गया और जांच की जिम्मेदारी सहायक उप निरीक्षक दीपक कुमार को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को लगातार तीन दिनों तक खंगाला और मुखबिरों की सहायता से दोनों आरोपियों की पहचान की। थाना प्रभारी सुनील कुमार संख्यान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गढ़शंकर के टूटू माजरा गांव में दबिश देकर पहले आरोपी वरिंदर सिंह (26) को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी किया गया एक मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने दूसरे आरोपी हरजीत सिंह उर्फ बिल्ला निवासी जैजो दोआबा, जिला होशियारपुर को भी सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से दूसरा मोबाइल भी बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक सचिन हीरामेठ ने बताया कि कड़ी मेहनत और तकनीकी सहायता से इस स्नैचिंग मामले को सुलझाया गया है। उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों ने इस केस को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई है।
