हरोली/ऊना, 16 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- हरोली उपमंडल के अंतर्गत आने वाले संत ढांगू वाले गुर्जर राजकीय महाविद्यालय बीटन में वर्ष 2025-26 का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुमिक्षा गुप्ता ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का औपचारिक स्वागत किया और इस अवसर पर वार्षिक प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें गिद्धा, भांगड़ा, नाटी और हरियाणवी नृत्य मुख्य आकर्षण रहे। वार्षिक पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2026 में शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक तथा अन्य क्लब गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला ऊना के कई प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा और अन्य गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार और प्रशासन सदैव प्रयासरत रहेंगे। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ साझा की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनीता ने किया, जबकि अंत में डॉ. उमा रानी ने मुख्य अतिथि तथा सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
बीटन कॉलेज में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
