चण्डीगढ़:- सेक्टर-45 सी स्थित आवास संख्या 2207/1 से जुड़े मतदाता सत्यापन को लेकर विवाद सामने आया है। स्थानीय Achcha तरमिंदर सिंह चौधरी ने चंडीगढ़ के चुनाव अधिकारी को लिखित शिकायत भेजकर आरोप लगाया है कि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा सील किए जा चुके एक आवास पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) ने मतदाताओं का सत्यापन किया, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए था।
शिकायत के अनुसार, संबंधित आवास को 16 मई 2025 को चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा सील किया गया था। इसके बावजूद उक्त पते पर 6 मतदाता पंजीकृत हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार अधिकारियों से संपर्क किया और सेक्टर-45 सी स्थित कैंप में भी व्यक्तिगत रूप से जाकर आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
तरमिंदर सिंह चौधरी ने आरोप लगाया कि यदि संपत्ति सील थी तो उस पते पर मतदाता सत्यापन कैसे किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि संबंधित मतदाता वास्तव में किसी अन्य स्थान पर रह रहे हैं, तो उनके वोट वर्तमान पते पर स्थानांतरित किए जाने चाहिए।
शिकायत में चुनाव विभाग से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, संबंधित बीएलओ द्वारा किए गए सत्यापन रिकॉर्ड की जांच की जाए, किसी भी अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा मतदाता सूची में आवश्यक सुधार कर चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।
शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि संबंधित मामले में ब्लॉक स्तर पर कोई वास्तविक सत्यापन नहीं किया गया और उन्होंने जांच में सहयोग के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं जानकारी उपलब्ध कराने की भी पेशकश की है।