होशियारपुर, 20 जनवरी: पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने आज शामचुरासी हलके के विभिन्न गांवों का दौरा किया और विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए गांव डल्लेवाल में सामुदायिक केंद्र का उद्घाटन किया। कैबिनेट मंत्री ने गांव खलवाना में एक नए ट्यूबवेल का उद्घाटन किया और सीवरेज परियोजना की भी शुरुआत की।
गांव डल्लेवाल में सामुदायिक केंद्र का उद्घाटन करने के बाद डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब के गांवों और शहरों में हर स्तर पर जरूरी विकास कार्य करवाए जा रहे हैं ताकि निवासियों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य में 2142 एम.एल.डी. उपलब्ध करवाए हैं। 2634.15 एमएलडी क्षमता वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों में 492.15 एमएलडी की क्षमता जोड़कर इन प्लांटों की क्षमता 2634.15 एमएलडी कर दी गई है। 
उन्होंने कहा कि 607 एमएलडी क्षमता वाले 52 और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं, जिन पर 650 करोड़ रुपए की लागत आएगी और यह अगले डेढ़ साल में बनकर तैयार हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांवों का सर्वपक्षीय विकास सुनिश्चित करने के लिए पंचायतों की सहमति से जरूरी विकास कार्य क्रियान्वित किए जा रहे हैं, जो गांवों के लोगों के लिए बेहद लाभदायक होंगे। 
गांव खलवाना में ट्यूबवेल के उद्घाटन और सीवरेज बिछाने के कार्य की शुरुआत के अवसर पर डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि पंचायतों को लोकतंत्र का स्तंभ भी कहा जाता है और पंचायतों को गांवों के विकास, बुनियादी सुविधाओं और जनसमस्याओं के उचित समाधान के लिए पूरी ईमानदारी से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है और आने वाले दिनों में इन कार्यों में और तेजी लाई जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने गांव अबहोवाल, मोहल्ला टाहलीवाल और कडियाना में सीवरेज बिछाने के कार्य की शुरूआत की।