हरोली/ऊना, 13 जून (राजवीर चोपड़ा):- हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (HBIA) और द बीट एरिया गुड्स कैरियर को-ऑपरेटिव ट्रांसपोर्ट सोसायटी लिमिटेड (ट्रक ऑपरेटर्स यूनियन) के बीच परिवहन शुल्क को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार सुलझ गया है। दोनों पक्षों के बीच विस्तृत चर्चा और प्रशासनिक मध्यस्थता के बाद एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते के अनुसार वर्तमान भाड़ा दरों में 1.5 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी, जो 15 जून 2026 से प्रभावी होगी।
 इससे क्षेत्र के उद्योगों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। बैठक के दौरान ट्रक यूनियन ने डीजल, टायर, बीमा प्रीमियम तथा अन्य परिचालन खर्चों में हुई वृद्धि का मुद्दा उठाया, जबकि उद्योग संघ ने निर्बाध परिवहन सेवाएं बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। दोनों पक्षों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद सहमति बनी।
एमओयू के तहत दिल्ली जाने वाले माल पर लगने वाले ग्रीन टैक्स का भुगतान संबंधित उद्योग अथवा प्रेषक द्वारा वास्तविक आधार पर किया जाएगा। साथ ही ट्रक यूनियन उद्योगों की मांग के अनुसार वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी तथा परिवहन सेवाओं में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं करेगी।
 समझौते में यह भी तय किया गया है कि भविष्य में भाड़ा दरों के वार्षिक संशोधन के लिए एक पारदर्शी और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो। उद्योग जगत और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इस समझौते का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के औद्योगिक विकास, रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों के लिए सकारात्मक कदम बताया है।