हरोली/ऊना, 8 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- हरोली क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। भदसाली के बाद अब जननी के पास क्रशर रोड पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 07 मार्च 2026 को हरोली पुलिस को सूचना मिली कि जननी के पास क्रशर रोड किनारे एक अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक अशोक, अन्वेषण अधिकारी पुलिस थाना हरोली को मौके पर हालात की तस्दीक के लिए भेजा गया।
पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच करने पर मृतक की पहचान सौरव पुत्र संतोख सिंह निवासी जैजों, पंजाब (उम्र 18 वर्ष) के रूप में हुई। मृतक के पास से एक मोटरसाइकिल, एक सिरिंज तथा अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार शव पर किसी प्रकार की मारपीट या चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। हालांकि मौके से सिरिंज मिलने के कारण आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नशे के कारण हो सकती है, लेकिन इसकी वास्तविक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है। मृतक को पहले क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, जहां से आगे की प्रक्रिया के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया जारी है।
थाना प्रभारी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि माता-पिता अपने बच्चों पर विशेष ध्यान दें। जो युवा चिट्टे जैसे नशे की चपेट में आ रहे हैं उनका जीवन गंभीर खतरे में पड़ सकता है। समाज को मिलकर युवा पीढ़ी को इस नशे के दलदल से बचाने की जरूरत है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को चिट्टा या अन्य नशे का कारोबार करने वालों के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।