खरड़ (एसएएस नगर), 28 जून:- पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनिंदिता मित्रा के निर्देशानुसार पंजाब के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री अमनदीप बंसल ने आज सरकारी प्राथमिक विद्यालय, खानपुर (खरड़) स्थित मतदान केंद्र संख्या 195 से 198 का व घरों का दौरा कर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर-2026) की प्रगति की समीक्षा की।
दौरे के दौरान श्री बंसल ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं मतदाताओं से संवाद किया। उन्होंने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना और उसे मतदाता सूची में शामिल करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे 25 जून से 24 जुलाई तक चलने वाले स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026 अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों का पूरा सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
श्री बंसल ने बताया कि प्रत्येक मतदाता को अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरना अनिवार्य है। फॉर्म में कुछ विवरण पहले से अंकित हैं, जबकि शेष जानकारी मतदाता को स्वयं भरनी है। इसके साथ ही प्रत्येक मतदाता को अपना नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो फॉर्म पर चिपकाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित बीएलओ के पास जमा कराना होगा।
उन्होंने कहा कि समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कराने से मतदाता सूची को अधिक सटीक, समावेशी एवं त्रुटिरहित बनाने में सहायता मिलेगी।