एस ए एस नगर, 28 जून:- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर जिले में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एस आई आर-2026) के तहत एन्यूमरेशन फॉर्मों के वितरण एवं भरवाने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल)-कम- अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती गीतिका सिंह ने आज विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया।
दौरे के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बी एल ओ) से संवाद करते हुए उन्हें अधिक से अधिक एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे एस आई आर-2026 के तहत अपने एन्यूमरेशन फॉर्म समय पर भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करवाएं, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।
श्रीमती गीतिका सिंह ने सेक्टर-70 के बूथ संख्या 242 एवं 255, मटौर क्षेत्र के बूथ संख्या 133, 232, 233, 234 एवं 235 तथा सेक्टर-78 और 79 के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बी एल ओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पूरी लगन, जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र मतदाता एन्यूमरेशन प्रक्रिया से वंचित न रहे तथा सभी फॉर्म निर्धारित समय सीमा के भीतर भरवाए जाएं।
इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी (स्वीप) प्रो. गुरबख्शीश सिंह अंटाल ने भी स्वयं मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म भरने में सहायता प्रदान की तथा उन्हें इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर चुनाव कानूनगो वरुण कुमार तथा जगतार सिंह भी उपस्थित रहे।