अंबाला, 29 जून:- सोमवार सुबह अंबाला के सैनी माजरा टोल प्लाजा के पास उस समय एक हादसा हो गया, जब पुलिस इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) पर तैनात स्टाफ की सुबह की शिफ्ट बदलने के दौरान रिवॉल्वर की जांच करते समय गलती से ट्रिगर दब गया। इसके चलते गोली चल गई, जो पास ही खड़े ईएचसी जसबीर को जा लगी। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अंबाला शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 8 बजे उस समय हुआ जब ईआरवी कर्मचारी सैनी माजरा टोल के पास शिफ्ट बदल रहे थे। रात की ड्यूटी पूरी होने के बाद ईएचसी जसबीर ने नियमों के अनुसार सुबह की शिफ्ट के दूसरे इंचार्ज को अपना सरकारी रिवॉल्वर सौंप दिया। जैसे ही दूसरे इंचार्ज ने हथियार लिया और उसकी जांच शुरू की, वह गलती से चल गया। रिवॉल्वर से निकली गोली पास ही खड़े ईएचसी जसबीर के अंगूठे और उंगली को भेदते हुए उनकी जांघ से निकल गई।
गोली की आवाज से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायल जसबीर को तुरंत ईआरवी के जरिए अंबाला सिटी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उनका इलाज चल रहा है।
शिफ्ट बदलने के दौरान रिवॉल्वर की जांच करते समय चली गोली पास खड़े ईहेड कांस्टेबल को लगी
