करनाल, 25 नवंबर:  करनाल में शादी की खुशियों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हथियारबंद लुटेरों का एक गिरोह दिनदहाड़े घर में घुस आया और परिवार को बंधक बनाकर लाखों की लूट को अंजाम देकर फरार हो गया। घटना के कुछ ही घंटे के भीतर हरियाणा पुलिस ने बेहतरीन तालमेल और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पांचों आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा कर दिया।
हरियाणा के करनाल जिले में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब विवाह की तैयारियों में व्यस्त एक परिवार पर पांच बदमाशों ने धावा बोल दिया। लुटेरे करीब 45 मिनट तक बंदूक के बल पर परिवार को कमरे में बंद किए रहे।
 इस दौरान महिलाओं के गहने उतरवा लिए गए और घर में रखे कैश तथा शादी के गहने भी हथिया लिए गए। लूट का विरोध करने पर दूल्हे को गोली मार दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार में भाग निकले, लेकिन करनाल से आगे बढ़ते हुए उन्होंने कार छोड़ दी और चंडीगढ़ की ओर जाने वाली हरियाणा रोडवेज बस में सवार हो गए। इधर करनाल पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर ली। 
इसके बाद सीआईए और स्थानीय पुलिस ने डेराबस्सी-ज़िरकपुर क्षेत्र में पाम रिसॉर्ट के पास जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध बस वहां रुकी, पुलिस टीमों ने तुरंत बस में चढ़कर पांचों लुटेरों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से एक पिस्तौल और लूट से जुड़े अन्य सामान बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजीव उर्फ राजा, दीपक उर्फ हैरी, प्रिंस कुमार, अमृतपाल और अभिषेक के रूप में हुई है, जो सभी लुधियाना के रहने वाले हैं। 
सिविल लाइंस थाना करनाल में उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 310(2), 311, 109, 333, 135 और आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे गिरोह की पृष्ठभूमि और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।