चंडीगढ़, 29 जून - हरियाणा के सैन्य एवं अर्धसैनिक कल्याण तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने आज कहा कि देश की सेनाओं में हर दसवां सैनिक हरियाणा से है, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना की वीरता और संकल्प का प्रतीक है, जिसकी सफलता ने पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने मन दी बात कार्यक्रम की 123वीं कड़ी में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का वर्णन करते हुए युवाओं के शिविर में पौधारोपण कर देश को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया।

वन महोत्सव के दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाएं- राव नरबीर
राव नरबीर सिंह ने हरियाणा के लोगों से आगामी वन महोत्सव के अवसर पर प्रदेश के वीर सैनिकों की याद में अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने स्वयं चरखी दादरी से 'एक पेड़ मां के नाम-2' अभियान की शुरूआत की है तथा लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की है।

पर्यावरण संरक्षण अब सीमांत की मांग
मंत्री राव नरबीर ने कहा कि सैन्य कल्याण के साथ-साथ उनके पास वन एवं पर्यावरण विभाग का भी दायित्व है। इस हैसियत से प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए प्राकृतिक संतुलन के संदेश को लोगों तक पहुंचाना उनका दायित्व है।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण पर्यावरण असंतुलन वैश्विक चिंता का विषय बन गया है तथा प्रकृति के साथ ऐसे रिश्ते को फिर से मजबूत करना होगा। इस दिशा में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत तालाबों, नदियों के किनारे तथा सार्वजनिक स्थानों पर नीम, पीपल व बड़ जैसे तीन प्रकार के वृक्ष लगाने की योजना बनाई गई है।

हर जिले में 2 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, 5 साल तक संरक्षण
वन मंत्री ने कहा कि हर जिले में हर साल 2 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी पौधों का कम से कम 5 साल तक संरक्षण हो, ताकि वे जड़ें जमा सकें और एक टिकाऊ वन संपदा का निर्माण हो सके।