करनाल, 24 सितम्बर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को करनाल के नेहरू प्लेस पहुंचे और दुकानदारों से मुलाकात की। दुकानदारों ने उन पर फूल बरसाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। जीएसटी छूट के संदर्भ में बातचीत के दौरान दुकानदारों ने खुलकर इस फैसले की प्रशंसा की।
उनका कहना था कि त्योहारी सीजन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी पर छूट देकर बड़ी सौगात दी है, जिससे ग्राहकों के साथ-साथ व्यापारियों को भी लाभ मिला है। दुकानदारों ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को यह भी बताया कि ग्राहक स्वयं आकर इस जीएसटी छूट की चर्चा कर रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से अपने संबोधन में त्योहारों के सीजन से पहले आम जनता, व्यापारियों, गरीबों और उद्योगपतियों को जीएसटी में बड़ी राहत देने की घोषणा की थी।
इस घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए एक महीने के भीतर ही जीएसटी परिषद की बैठक में जीएसटी सुधारों पर निर्णय लिया गया। अब जीएसटी में 12 प्रतिशत और 28 प्रतिशत की दरें समाप्त कर दी गई हैं और केवल दो ही स्लैब 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत रह गए हैं। इस बदलाव का सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले से त्योहारों के दौरान लोगों के घरों में खुशी का माहौल है और आमजन को महंगाई से बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तेजी से प्रगति कर रहा है और आज पूरी दुनिया में भारत का नाम गर्व के साथ लिया जा रहा है।
इस मौके पर करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
फूलों की बरसात : दुकानदारों ने सीएम सैनी का किया ग्रैंड वेलकम; टैक्स रियायत पर जनता-व्यापारी दोनों झूमे
