रतिया 11 नवंबर- श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में रतिया में 18 नवंबर को नगर कीर्तन यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस कीर्तन यात्रा के आगमन को लेकर उपमंडलाधीश सुरेन्द्र सिंह ने अपने कार्यालय में संबंधित अधिकारियों और गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने इस अवसर पर नगर कीर्तन यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने कहा कि यह नगर कीर्तन यात्रा 18 नवंबर को गुरुद्वारा झाड साहिब से प्रस्थान कर अयालकी, अहरवां, हमजापुर, गुरुद्वारा अजीतसर साहिब व सरदूलगढ़ चौक से होते हुए रतिया के गांव नथवान के गुरुद्वारा श्री अंगीठा साहिब में पहुंचेगी, जहाँ इसका रात्रि ठहराव रहेगा। बैठक में एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने यात्रा के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को समय से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नगर कीर्तन यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था हेतु विशेष पुलिस बल की तैनाती रहेगी। एसडीएम ने नगरपालिका व खंड विकास पंचायत अधिकारियों को सभी रास्तों में साफ-सफाई का कार्य सुचारु रखने और रास्तों पर पानी का छिड़काव करने, लोक निर्माण विभाग सड़कों की मरम्मत करने व खड्डो को भरने की व्यवस्था, जन स्वास्थ्य विभाग पीने के पानी का प्रबंध, दमकल केंद्र अधिकारी फायर बीग्रेड गाड़ी का प्रबंध और बिजली विभाग को शहर में सुचारु रूप से लाईट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएसपी नर सिंह, नायब तहसीलदार विचित्रा नन्द, हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य ईकबाल सिंह खोखर, काका सिंह लधुवास, गुरमेज सिंह , मैनेजर वीरेंदर सिंह, पब्लिक हेल्थ एसडीओ अंचल जैन, हेल्थ इंस्पेक्टर राजेश श्योकंद, नपा सफाई इंचार्ज ओंकार सिंह, बिजली विभाग जेई अमित कुमार, बीडीपीओ से नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
