चंडीगढ़, 29 अक्तूबर: आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ की एक महत्वपूर्ण बैठक आज पार्टी कार्यालय, सेक्टर-39 में आयोजित की गई, जिसमें दिल्ली के विधायक एवं चंडीगढ़ प्रभारी श्री जर्नैल सिंह ने भाग लिया। बैठक में चंडीगढ़ अध्यक्ष श्री विजयपाल सिंह, महामंत्री ओमकार सिंह औलाख , कोषाध्यक्ष जे.डी. घई, सभी पार्षद, वरिष्ठ नेता तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी नगर निगम चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करना और संगठन को और अधिक सशक्त बनाना था।
अपने संबोधन में श्री जर्नैल सिंह ने कहा कि, “हमने 2021 में पहली बार चंडीगढ़ में चुनाव लड़ा और जनता ने हमें 35 में से 14 सीटें देकर अपार स्नेह और विश्वास जताया। जिस प्रकार दिल्ली में जनता ने आम आदमी पार्टी को 70 में से 67 सीटें देकर ऐतिहासिक समर्थन दिया था, उसी तरह चंडीगढ़ की जनता ने भी हमें दिल से अपनाया। हमें पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में यह प्यार और समर्थन और भी बढ़ेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी की नींव सेवा, ईमानदारी और पारदर्शिता पर आधारित है, और यही सिद्धांत चंडीगढ़ में जनता का विश्वास जीतने की सबसे बड़ी ताकत होंगे।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री विजयपाल सिंह ने कहा कि, “अब हमारा लक्ष्य है कि आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ में पूर्ण बहुमत के साथ नगर निगम में आए, ताकि पूरे मनोयोग से जनता के हित में कार्य किया जा सके। हम पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएंगे और लोगों के विश्वास को और मज़बूत करेंगे। हमें पूर्ण विश्वास है कि चंडीगढ़ की जनता हमारा साथ देगी और पार्टी को एक बार फिर प्रचंड समर्थन देगी।”
बैठक का समापन उत्साह और एकजुटता के वातावरण में हुआ, जहाँ सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।
आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी जरनैल सिंह के नेतत्व में नगर निगम चुनाव चूनावो सबंधी की गई मीटिंग
