रतिया, 24 जुलाई- एसडीएम सुरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं क्षेत्र के ईंट-भट्ठा संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपमंडल क्षेत्र में संचालित ईंट-भट्ठों से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकारियों और भट्ठा संचालकों से आवश्यक जानकारी ली गई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में संचालित ईंट-भट्ठों का समय-समय पर विजिट एवं निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान ईंट-भट्ठों से संबंधित आवश्यक रिकॉर्ड, लाइसेंस, अनुमति एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी ईंट-भट्ठा संचालक निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार ही अपना कार्य कर रहे हैं।
एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी ईंट-भट्ठे में नियमों की अनदेखी या आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ईंट-भट्ठों की गतिविधियों पर निगरानी रखें और समय-समय पर निरीक्षण की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें।
बैठक में एसडीएम ने ईंट-भट्ठा संचालकों से कहा कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं संबंधित नियमों की पूरी तरह पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संचालकों को अपने ईंट-भट्ठों से संबंधित रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरा व रिकॉडिंग को मेन्टेन एवं लाइसेंस आदि को अपडेट रखने तथा निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। 
उन्होंने कहा कि नियमों की पालना सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने ईंट-भट्ठा संचालकों को कहा कि भट्ठों पर कार्यरत श्रमिकों के लिए स्वच्छ पेयजल एवं उचित शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के साथ सम्मानजनक एवं अच्छा व्यवहार किया जाए और उनके लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक कार्य वातावरण उपलब्ध करवाया जाए। 
उन्होंने संचालकों को यह भी कहा कि कम उम्र के बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम अथवा कार्य न करवाया जाए। श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें नजदीकी सरकारी स्कूलों में दाखिला दिलवाने तथा नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार बलवान सिंह, थाना प्रभारी अशोक कुमार, एएफएसओ निर्मल कान्ता, लेबर इंस्पेक्टर फतेहाबाद कमलेश रानी एवं क्षेत्र के ईंट-भट्ठा संचालक उपस्थित रहे।