ऊना, 12 फरवरी:- मनरेगा मजदूरों के समर्थन में वीरवार को शहीद स्मारक परिसर में एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। भडियारा हीरा नगर के तत्वावधान में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी मांगों को जोरदार ढंग से उठाया।
रैली को संबोधित करते हुए डॉ. राजीव मेजर ने मनरेगा कानून को पुनः प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों और मजदूर वर्ग के लिए जीवनरेखा के समान है, इसलिए इसे कमजोर करने के बजाय और अधिक सशक्त किया जाना चाहिए।
डॉ. मेजर ने नए लेबर कोड को वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने के निर्णय को रद्द करने, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने तथा अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड समझौते को निरस्त करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार मजदूरों और आम जनता के हितों की अनदेखी करती है, तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने सभी संगठनों और नागरिकों से मजदूर वर्ग के समर्थन में एकजुट होने का आह्वान किया। इस अवसर पर रविंद्र जोशी, ब्रिज राणा, एडवोकेट पवन राणा, हरमेश कुमार और सुभाष बग्गा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा। कार्यक्रम के अंत में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा मजदूर एकता के नारे लगाए गए।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
मनरेगा मजदूरों के समर्थन में विशाल रैली मांगों को लेकर उठी बुलंद आवाज
