हरोली/ऊना, 12 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल में पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर एक व्यक्ति के साथ एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगों ने पीड़ित के खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज कुमार पुत्र श्री ज्वाला राम एटीएम से पैसे निकालने के लिए औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर पहुंचे थे। इस दौरान उनके पास खड़े एक युवक ने बातों में उलझाकर पलक झपकते ही उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। युवक ने राज कुमार से कहा कि यह एटीएम मशीन ठीक से काम नहीं कर रही है और वह सामने स्थित एसबीआई के एटीएम से पैसे निकालने जा रहा है।
राज कुमार जब एटीएम से बाहर निकले तो वह युवक वहां से गायब हो चुका था। इसके बाद राज कुमार एसबीआई के एटीएम पर पहुंचे और वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड को बताया कि उन्हें एटीएम चलाना अच्छी तरह नहीं आता। जब सुरक्षा गार्ड ने कार्ड मशीन में डाला तो उसने बताया कि कार्ड की केवाईसी करनी पड़ेगी।
राज कुमार ने बताया कि घर पहुंचते समय उनके मोबाइल पर कई मैसेज आए, जिनमें खाते से पैसे निकलने की सूचना थी। वीरवार को जब वह संतोखगढ़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंचे तो पता चला कि उनके खाते से चार बार में 10-10 हजार रुपये निकालकर कुल 40 हजार रुपये की निकासी की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि उनके खाते में कुल 48 हजार रुपये थे, जिनमें से अब केवल 8 हजार रुपये ही शेष बचे हैं। जांच के दौरान पता चला कि राज कुमार के पास जो एटीएम कार्ड था, वह पंजाब के सहजोवाल निवासी अर्जुन परषोत्तम का निकला। बैंक कर्मियों ने संबंधित व्यक्ति को बैंक आने के लिए फोन भी किया, लेकिन वह नहीं आया।
इसके बाद राज कुमार ने थाना टाहलीवाल में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि पैसे निकालने वाला असली आरोपी कौन है।
एटीएम बदलकर 40 हजार रुपये की ठगी पीड़ित ने थाना टाहलीवाल में दी शिकायत
