धूरी, 23 फरवरी:- धूरी शहर के विकास को नई दिशा देते हुए आज शहर में कवर किए गए सूए (नाले) के दोनों किनारों पर लगभग 10.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले महत्वपूर्ण सर्विस रोड प्रोजेक्ट का शुभारंभ मार्केट कमेटी धूरी के चेयरमैन राजवंत सिंह घुल्ली तथा पंजाब वक्फ बोर्ड के सदस्य डॉ. अनवर भसौड़ द्वारा किया गया।
यह परियोजना नगर काउंसिल धूरी की सीमा के भीतर लगभग सवा 14 किलोमीटर तक विस्तृत है। इसके अंतर्गत धूरा गांव एम.सी. लिमिट से बागड़ियां टी-पॉइंट तक, जगतपुरा से बरड़वाल सड़क तथा मनसा देवी मंदिर रोड, संगरूर बाईपास से ककड़वाल पुल तक और वालिया स्टूडियो से ट्रक यूनियन तक सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। परियोजना के तहत एक ओर इंटरलॉक टाइलें लगाई जाएंगी, जबकि दूसरी ओर पक्की लुक वाली सड़क बनाई जाएगी, जिससे यातायात सुचारू होगा और आम लोगों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर चेयरमैन राजवंत सिंह घुल्ली ने कहा कि यह सर्विस रोड धूरी शहर के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान इस परियोजना से संभव होगा और शहर के व्यापारियों, निवासियों तथा रोजाना आने-जाने वाले लोगों को बड़ी सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस मौके पर पंजाब वक्फ बोर्ड के सदस्य डॉ. अनवर भसौड़, डायरेक्टर स्मॉल इंडस्ट्रीज पंजाब अनिल मित्तल, नरेश सिंगला, सतिंदर सिंह चट्ठा, एम.सी. बलविंदर सिंह, एम.सी. पुष्पिंदर शर्मा, एम.सी. मनी, सुखपाल सिंह, रमणदीप सिंह, एडवोकेट हैप्पी गर्ग, सुखपाल सिंह पाला, वीरभान सहित क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
शहरवासियों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे धूरी के विकास को और गति मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
धूरी शहरवासियों को बड़ी सौगात 1076 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सर्विस रोड कार्य का शुभारंभ
