हिसार, 29 मार्च:- अनुग्रहा (क्षेत्रीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र, दिल्ली) तथा भूमि आश्रम, हिसार द्वारा अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में हिसार में दो अलग-अलग स्थानों पर भव्य समारोह आयोजित किए गए।
पहला कार्यक्रम मोक्ष वृद्ध आश्रम में तथा दूसरा भूमि आश्रम में आयोजित किया गया। दोनों कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, उनके स्वास्थ्य, अधिकारों और सक्रिय वृद्धावस्था को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
अनुग्रहा संस्था की अध्यक्ष डॉ. आभा चौधरी के निरंतर प्रयासों से ही ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित हो पा रहे हैं। उनकी दूरदर्शिता और समर्पण के कारण वृद्धजनों के कल्याण के लिए अनेक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। वहीं भूमि आश्रम के संचालक मुकेश ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राहुल देशमुख (अनुग्रहा) ने बताया कि इस वर्ष की वैश्विक थीम "वृद्धजन स्थानीय और वैश्विक कार्रवाई को आगे बढ़ा रहे हैं। हमारी आकांक्षाएँ, हमारी भलाई और हमारे अधिकार" है। उन्होंने कहा, "हमारे बुजुर्ग समाज की रीढ़ हैं। उनका अनुभव और आशीर्वाद हमें दिशा देता है।" प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. अशोक (एक्यूप्रेशर एवं एक्यूपंक्चर थैरेपिस्ट) ने दोनों कार्यक्रमों में बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने योग, प्राणायाम, हर्बल चाय, संतुलित आहार और हल्के व्यायाम जैसे सरल उपाय अपनाने पर बल दिया।
कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिक महिला-पुरुष, उनके परिवारजन तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। दीपक सिंह छिकारा (अध्यक्ष, दिव्य ज्योति सोशल वेलफेयर फाउंडेशन) तथा सन्नी जायसवाल (सदस्य, अनुग्रहा) ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया। इस अवसर पर भूमि आश्रम में सेवा दे रहे फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. नरेश, सुंदर नगर से सहयोगी जय राम दास चावला तथा सेवानिवृत्त तहसीलदार वज़ीर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भूमि आश्रम की पूरी टीम ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों स्थानों पर बुजुर्गों ने अपने जीवन के विशेष अनुभव सांझा किए। कई वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी युवावस्था के संघर्ष, परिवार के साथ बिताए यादगार क्षणों और समाज सेवा की प्रेरक कहानियाँ सुनाईं। भावुक क्षणों में उन्होंने युवा पीढ़ी को बुजुर्गों के सम्मान का संदेश भी दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान बुजुर्गों ने पुराने गीत गाकर अपनी खुशी व्यक्त की।
अंत में डॉ. राहुल देशमुख और भूमि आश्रम के संचालक मुकेश कुमार ने सभी उपस्थितजनों का दिल से आभार व्यक्त किया। इस मौके पर उपस्थित सभी सहयोगियों, जिनमें डॉ. नरेश, जय राम दास चावला, वज़ीर सिंह तथा भूमि आश्रम की पूरी टीम शामिल रही, का भी विशेष धन्यवाद किया गया। साथ ही भविष्य में भी वृद्धजनों के कल्याण के लिए निरंतर सहयोग का संकल्प लिया गया।
अनुग्रहा और भूमि आश्रम की संयुक्त पहल हिसार में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर दो भव्य समारोह आयोजित
